वर्धमान कॉलेज, बिजनौर में संविधान दिवस समारोह का भव्य आयोजन,

संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान

वर्धमान कॉलेज, बिजनौर के शिक्षा विभाग एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज संविधान दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “संवैधानिक मूल्य, संवैधानिकता एवं आगे की राह” रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता तथा लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ एंकर डॉ. रेशु शर्मा द्वारा सामान्य स्वागत के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. प्रीति खन्ना ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए संविधान के महत्व, नियमों एवं अनुशासन की जीवन में आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हम भारत के नागरिक हैं और हमें सदैव “इंडिया फर्स्ट” की भावना के साथ राष्ट्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता प्रो. जे. के. विश्वकर्मा, विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान विभाग ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रस्तावना में निहित समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक एवं गणराज्य जैसे महत्वपूर्ण शब्दों की व्याख्या करते हुए संवैधानिक मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सरल एवं सहज शब्दों में विद्यार्थियों को बताया कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे जीवन को दिशा देने वाला मार्गदर्शक है। उन्होंने संवैधानिक मूल्यों को व्यवहार में उतारने तथा लोकतांत्रिक भावना को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत संविधान दिवस क्विज एवं युवा गतिविधियों की जानकारी विद्यार्थियों को MyGov तथा Viksit Bharat पोर्टल के माध्यम से दी गई। साथ ही, संसदीय कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित ऑनलाइन प्रस्तावना वाचन गतिविधि के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करने तथा प्रमाणपत्र डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न पृष्ठभूमियों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण प्रो. शशि प्रभा, प्रो. राजेश कुमार यादव, डॉ. चारु दत्त आर्य एवं सुश्री मंजू भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, नागरिक जिम्मेदारी, अनुशासन तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. रेशु शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। संविधान दिवस समारोह विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा देने वाला रहा।