बिजनौर में भीषण सड़क हादसा: गंगा स्नान से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ट्रक से टकराई, दो महिलाओं की मौत, चार घायल…

चांदपुर (बिजनौर)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। हादसा चांदपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर शिमली गांव के पास हुआ। दुर्घटना उस समय हुई, जब नानौर गंगा घाट पर स्नान कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे अकबरपुर झोजा गांव के लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पीछे से आ रहे गन्ने से लदे ट्रक की चपेट में आ गई।

गन्ने से भरे ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार भिड़ंत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकबरपुर झोजा गांव के कुछ लोग नानौर गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। स्नान के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अकबरपुर शिमली के पास पीछे से आ रहे धामपुर शुगर मिल के लिए गन्ना लेकर जा रहे ट्रक से ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

जेसीबी की मदद से निकाले गए घायल

दुर्घटना के दौरान कुछ लोग वाहनों के नीचे दब गए थे। मौके पर पहुंचे लोगों और राहत टीम ने बचाव कार्य शुरू किया। ट्रक के नीचे दबे घायलों को जेसीबी मशीन की सहायता से बाहर निकाला गया। हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), चांदपुर भेजा गया।

एसपी केके विश्नोई ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से हादसे की जानकारी लेकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति का भी निरीक्षण किया।

जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक

इस दर्दनाक दुर्घटना पर शेरवाज पठान और जिला पंचायत सदस्य सरिता सैनी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतक महिलाओं के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस मुश्किल घड़ी में परिवारों को धैर्य रखने की कामना की। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

गंगा स्नान से खुशी-खुशी घर लौट रहे ग्रामीणों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।