कार्तिक गंगा स्नान और तिगरी मेले को लेकर बिजनौर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 25 नवंबर तक भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
बिजनौर। कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाले गंगा स्नान और अमरोहा के प्रसिद्ध तिगरी मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बिजनौर यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। इसके तहत जिले में भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया गया है। यह व्यवस्था 25 नवंबर तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान बिजनौर-चांदपुर मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, गंगा स्नान पर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए बुधवार से ही डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी गई है। प्रमुख चौराहों और निर्धारित स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा सके और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।

इन वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे भारी वाहन
यातायात पुलिस की ओर से जारी रूट डायवर्जन प्लान के अनुसार भारी वाहनों के लिए निम्नलिखित वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
1. बिजनौर से चांदपुर जाने वाले वाहन:
बिजनौर शहर से दारानगर गंज होते हुए चांदपुर जाने वाले भारी वाहनों को कृष्णा कॉलेज तिराहा से अम्हेड़ा तिराहा होते हुए चांदपुर भेजा जाएगा। वापसी के दौरान भी भारी वाहनों को इसी निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
2. चांदपुर से धनौरा, गजरौला और बृजघाट जाने वाले वाहन:
चांदपुर से धनौरा, गजरौला और गढ़ स्थित बृजघाट की ओर जाने वाले भारी वाहनों को चौधरी चरण सिंह चौक से अम्हेड़ा तिराहा होते हुए बिजनौर और मेरठ की दिशा में भेजा जाएगा।
3. नूरपुर से अमरोहा और गजरौला जाने वाले वाहन:
नूरपुर से चांदपुर और नौगावां सादात होते हुए अमरोहा, गजरौला और बृजघाट जाने वाले भारी वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। ऐसे वाहनों को नूरपुर के शहीद तिराहे से बिजनौर होते हुए मेरठ की ओर निकाला जाएगा।
24 नवंबर को होगा कार्तिक गंगा स्नान का मुख्य पर्व
यातायात प्रभारी निरीक्षक रवि नैन ने बताया कि 24 नवंबर को कार्तिक गंगा स्नान का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। पर्व से पहले ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेला शुरू होने से करीब एक सप्ताह पहले से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। कई स्थानों पर लोगों ने अपने डेरे लगाने भी शुरू कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि बिजनौर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही अमरोहा जिले में गंगा किनारे आयोजित होने वाले तिगरी मेले को ध्यान में रखकर भी यह डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से गुजारने का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी से बचाना और मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करना है।
वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने भारी वाहन चालकों से अपील की है कि वे 25 नवंबर तक निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। वाहन चालक यात्रा शुरू करने से पहले अपने निर्धारित रूट की जानकारी अवश्य कर लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेले और गंगा स्नान के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।







