चिंगारी खबर का हुआ असर, धर्मेंद्र को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल, ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर दी बधाई
खासपुरा(चिंगारी) चिंगारी में छपी खबर का बड़ा असर हुआ है। 100% दिव्यांग धर्मेंद्र को महज दो दिन में ही लेफ्ट-राइट इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिल गई है। ट्राईसाइकिल पाकर धर्मेंद्र बहुत खुश हैं। उन्होंने चिंगारी का और जिम्मेदार अधिकारियों का दिल से धन्यवाद कहा।
धर्मेंद्र ने बताया कि साल 2012 में उन्हें हाथ से चलने वाली ट्राईसाइकिल मिली थी। उसके बाद से आज तक कोई भी मदद नहीं हुई। इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल के लिए कई बार आवेदन किया, हर बार फॉर्म भरा, हर बार कागज दिए, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला – हो जाएगा, आ जाएगा।
धर्मेंद्र ने कहा – मैं भीख नहीं मांग रहा था, मैं अपना हक मांग रहा था। चिंगारी में खबर छपने के बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया, तब जाकर मुझे साइकिल मिली है। साइकिल पाकर बहुत खुश हूं।
बता दें कि धर्मेंद्र 100% दिव्यांग हैं, चल-फिर नहीं सकते। 6 छोटे-छोटे बच्चों के पिता हैं। सरकार से सिर्फ 1000 रुपये पेंशन मिलती है, जिसमें 8 लोगों के परिवार का गुजारा होना नामुमकिन है। फिर भी धर्मेंद्र ने कभी किसी के आगे हाथ नहीं फैलाया। घर पर ही सिलाई मशीन चलाकर बच्चों का पेट पालते हैं, भीख नहीं मांगते, मेहनत करते हैं।
इस मौके पर ग्रामीणों में संजय कर्णवाल, हरमनदर सिंह,शुभम कर्णवाल , अजय कुमार,ने धर्मेंद्र को मिठाई खिलाकर और साइकिल देकर बधाई दी।
अब इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिलने से धर्मेंद्र खुद से आ-जा सकेंगे, बिना किसी के सहारे के काम कर सकेंगे। उन्होंने कहा – अब मैं और मेहनत करके अपने बच्चों को पाल लूंगा।
गांव के लोगों ने भी खुशी जताई और कहा कि चिंगारी की खबर ने एक गरीब दिव्यांग परिवार की जिंदगी बदल दी।







