पांच घंटे के रिमांड पर लिए गए तालिब बंधु, पुलिस ने की गहन पूछताछ

मेडिकल परीक्षण के बाद थाने व घटनास्थल ले जाकर जुटाए साक्ष्य, वकील भी रहे मौजूद

बिजनौर (चिंगारी)। बहुचर्चित तालिब-खालिद व पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह विवाद में अदालत द्वारा मंजूर किए गए पांच घंटे के पुलिस कस्टडी रिमांड के तहत गुरुवार की सुबह पुलिस निर्धारित समय पर जेल पहुंची और तीनों तालिब बंधुओं को अपने साथ ले गई।
न्यायालय के आदेशानुसार सबसे पहले तीनों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस दौरान उनके साथ उनके तीन वकील भी मौजूद रहे। मेडिकल के बाद पुलिस अभियुक्तों को थाने ले गई,जहां उनसे गहन पूछताछ की गई।
रिमांड की अवधि सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस अभियुक्तों को लेकर घटनास्थल पर पहुंच चुकी थी और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई थी।
गौरतलब है कि बुधवार को सीजेएम नरेन्द्र कुमार की अदालत में दोनों पक्षों के बीच पुलिस कस्टडी रिमांड को लेकर लंबी बहस हुई थी। पुलिस ने दावा किया था कि अभियुक्तों ने जेल में पूछताछ के दौरान बयान दिए हैं कि वे जानलेवा हमले में प्रयुक्त हथियार बरामद करा सकते हैं, जबकि बचाव पक्ष ने इस दावे को खारिज किया था।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने तीनों अभियुक्तों का पांच घंटे का पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर किया था, साथ ही मेडिकल परीक्षण और वकीलों की निगरानी में रिमांड की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी दिए थे।