गोरखपुर– शामली एक्सप्रेसवे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू, धामपुर क्षेत्र के 16 गांव में बेनामों पर लगी रोक
धामपुर चिंगारी उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल गोरखपुर — शामली एक्सप्रेस वे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही धामपुर क्षेत्र के परगना स्योहारा, धामपुर और नहटौर के 16 गांव की खसरा संख्या को चिन्हित करते हुए इनके बेनामों पर उप निबंधन कार्यालय धामपुर द्वारा रोक लगा दी गई है।
उप निबंधक कार्यालय के सब रजिस्टार चंद्र रेनू विक्रम सिंह ने बताया कि धामपुर क्षेत्र के जिन 16 गांव से यह एक्सप्रेस वे गुजरेगा उनमें असदगढ़, पप्सरा, फैजपुर रामानंद, मारूफपुर, बाकर नगर, मेहर अलीपुर,पहाड़पुर द्वारका, हरपुर,अकबरपुर देवमल, बेगराजपुर, आलमपुर, सलावा, जगूपुरा, रुस्तमपुर शेर, ताहरपुर असकरन, रघुनाथपुर आदि शामिल है।
उन्होंने बताया कि इन गांव की जमीन के खसरा संख्या की सूची तैयार कर ली गई है इसलिए इन खसरा नंबर के बैनामो की प्रक्रिया को रोक दिया गया है ।
उन्होंने बताया कि गांव की सूची तैयार हो गई है अब इनके अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उधर,गोरखपुर शामली एक्सप्रेस वे के धामपुर क्षेत्र से गुजरने से क्षेत्र वासियो में हर्ष व्याप्त है उनका मानना है कि धामपुर क्षेत्र से गोरखपुर तक जाने के लिए सीधे सड़क मार्ग की कोई सुविधा नहीं है इसलिए अब इस मार्ग के बनने से गोरखपुर जाने वाले लोगों को सुविधा मिलने लगेगी।
मनोज कात्यायन,धामपुर








