संदिग्ध आतंकी को पुलिस की क्लीनचिट, एके-47 को बताया नकली, दारोगा सस्पेंड, सीओ हटाए गए
बिजनौर पुलिस की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां 4 महीने पहले एके-47 और ग्रेनेड दिखाने वाले संदिग्ध आतंकी आकिब खान को पुलिस ने ‘खिलौना’ मानकर क्लीनचिट दे दी थी। एटीएस (ATS) की लखनऊ में हुई कार्रवाई
मेरठ और गौतबुद्धनगर के चार संदिग्ध आतंकियों की लखनऊ में गिरफ्तारी के बाद बिजनौर पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है। चार महीने पहले एके-47 और ग्रेनेड के साथ वायरल वीडियो में जिस युवक को पुलिस ने क्लीनचिट दी थी एटीएस की जांच में वह संदिग्ध आतंकी निकला। दुबई में बैठे मेरठ के इस युवक का आतंकी कनेक्शन मिलने के बाद एसपी बिजनौर ने तत्कालीन थानाध्यक्ष को सस्पेंड करते हुए सीओ को भी हटा दिया है।
नांगल सोती थाना क्षेत्र के गांव सौफतपुर निवासी मैजुल की नवंबर माह में एक वीडियो वायरल हुई थी, जिसमें वह वीडियो कॉल पर चार लोगों से बात कर रहा था। इस बातचीत के दौरान दुबई में रह रहा मेरठ का आकिब खान एके-47 और हैंड ग्रेनेड जैसा सामान दिखाता हुआ नजर आया था। इस मामले में 23 नवंबर को पुलिस ने मैजुल, आकिब खान और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एके-47 को खिलौना बताकर बच निकला था आकिब
जांच के दौरान तत्कालीन थानाध्यक्ष सत्येंद्र मलिक ने वीडियो कॉल के जरिए आकिब खान से बात की। इस दौरान आकिब ने हथियारों को खिलौना और ग्रेनेड को परफ्यूम की बोतल बताया। बताया जाता है कि उसने वीडियो कॉल पर पुलिस को ग्रेनेड खोलकर भी दिखया कि इसमें परफ्यूम है। एके-47 को उसने खिलौने वाली पिस्टल बताई। पुलिस ने उसकी बातों पर भरोसा करते हुए मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर उसे क्लीनचिट दे दी। हाल ही में एटीएस ने लखनऊ में मेरठ और गौतमबुद्धनगर के चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इनसे हुई पूछताछ में खलासा हुआ कि इनका संपर्क दुबई में बैठे आकिब खान से था। मेरठ का साकिब दुबई में बैठे आकिब खान से लगातार बात कर रहा था।








