बीजेपी स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का संबोधन: “देश का भरोसा लगातार बढ़ रहा है”

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “देश की जनता में बीजेपी का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है।” उन्होंने पार्टी की उपलब्धियों का उल्लेख किया और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं।

पार्टी को मां मानने की परंपरा

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए यह भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं। स्थापना दिवस हमारे लिए केवल आयोजन नहीं, बल्कि कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।”

नितिन नवीन की सराहना

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने मौजूदा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। उन्होंने पार्टी के नए अध्यक्ष नितिन नवीन की तारीफ करते हुए कहा कि “नवीन जी ने पार्टी में नवीनता भर दी है।”

कार्यकर्ताओं के तप-त्याग का योगदान

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा की वर्तमान सफलता लाखों कार्यकर्ताओं के तप और त्याग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सिद्धांतों को जीवन का आदर्श बनाने वाले कार्यकर्ताओं ने कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया।

आरएसएस से मिली प्रेरणा

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ के विशाल वटवृक्ष से भाजपा को राजनीति में साफ नीयत और सुचिता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। उन्होंने बताया कि शुरुआती दशकों में संगठन निर्माण पर ध्यान दिया गया और बाद में भाजपा ने खुद को एक सशक्त कैडर आधारित पार्टी के रूप में स्थापित किया।

सेवा आधारित राजनीति का उदय

पीएम मोदी ने कहा कि सत्ता आधारित राजनीति का पतन हुआ और सेवा आधारित राजनीति को जनता का भारी समर्थन मिला। उन्होंने “राष्ट्र प्रथम” के सिद्धांत को भाजपा की पहचान बताया।

कांग्रेस पर निशाना

1984 के चुनावों का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उस समय कांग्रेस ने रिकॉर्ड सीटें जीतीं, लेकिन जनता ने देखा कि सत्ता हासिल करने के बाद कांग्रेस ने विश्वासघात किया। इसके विपरीत भाजपा पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ता गया।

उपलब्धियों का उल्लेख

पीएम मोदी ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजों के दौर के सैकड़ों काले कानूनों का अंत, नए संसद भवन का निर्माण, गरीबों के लिए 10% आरक्षण, तीन तलाक पर रोक, सीएए, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण जैसे कार्य भाजपा के ईमानदार प्रयासों का परिणाम हैं।

भविष्य की योजनाएं

उन्होंने कहा कि भाजपा का मिशन अभी जारी है और यूनिफॉर्म सिविल कोड तथा वन नेशन वन इलेक्शन जैसे विषयों पर देश में गंभीर चर्चा हो रही है।