खालिद बंधु प्रकरण पर गरमाई सियासत, सपा नेता राहुल सिंह ने जताई नाराजगी
“मामूली विवाद को दिया जा रहा राजनीतिक रंग, निर्दोषों पर कार्रवाई अन्याय”
बिजनौर (चिंगारी)। बहुचर्चित खालिद बंधु प्रकरण को लेकर जिले की सियासत गर्मा गई है। समाजवादी पार्टी के नेता राहुल सिंह ने मामले की कड़ी निंदा करते हुए इसे “जुल्म की इंतहा” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक मामूली विवाद को जानबूझकर राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। प्रशासनिक कार्रवाई भी पक्षपातपूर्ण नजर आ रही है।
राहुल सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भाजपा के पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह तालिब बंधुओं की आरा मशीन पर क्यों गए। उन्होंने कहा कि न तो अधिकारियों को उन्हें साथ ले जाना चाहिए था और न ही पूर्व सांसद को वहां जाना चाहिए था। इस पूरे घटनाक्रम से निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
सपा नेता ने आरोप लगाया कि मामले में उल्टा तालिब बंधुओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया, जबकि वे पहले भी जेल जा चुके हैं। उन्होंने इसे गलत परंपरा बताते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
राहुल सिंह ने कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन प्रशासन को निष्पक्ष और न्यायपूर्ण तरीके से कार्य करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि जनता का भरोसा बना रहे।






