तालिब बंधुओं का गंभीर धाराओं में चालान
बिजनौर (चिंगारी)। आरा मशीन को लेकर हुये विवाद में तालिब बंधुओं पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आज पुलिस ने उनका चालान कर दिया। पूर्व सांसद राजा भारतेंद्र सिंह के करीबी तुषार मलिक की तहरीर पर तालिब, खालिद और आबिद पर आधा दर्जन गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इनमें हत्या के प्रयास की धारा भी शामिल है। इसके अलावा लोक सेवक के कार्य में बाधा, दंगा/बलवा, आपराधिक धमकी, बिना उकसावे के हमला करना जैसे मामलों की धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। पुलिस ने कल शाम ही तालिब बंधुओं को हिरासत में ले लिया था। इस मामले को लेकर कल कई घंटे बवाल हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाये। एक ओर जहां पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह ने तालिब बंधुओं र अभद्रता और हमला करने का आरोप लगाया, तो दूसरी ओर तालिब बंधुओं ने पूर्व सांसद पर बेवजह परेशान करने, बर्बाद कर देने की धमकी देने और पांच करोड़ रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ करने की गुहार लगाई।





