धामपुर के अभय एसडीएम तो उदित नायब तहसीलदार

  • अभय ने परीक्षा में पाई तीसरी रैंक
  • यूपीपीसीएस में चमके होनहार, विधायक ने दी बधाई

बिजनौर, चिंगारी

उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग के परीक्षा नतीजों में धामपुर का नाम चमका है। ब्लॉक के गांव मटौरा दुर्गा निवासी अभय प्रताप सिंह की इस परीक्षा में तीसरी रैंक आने पर हर्ष का माहौल है। बताया जा रहा है कि अभय का एसडीएम बनना तय है। इसके अलावा गांव ठाठ जट निवासी उदित का चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है।
क्षेत्रीय विधायक ने परिवार के लोगों को बधाई पेश की है।

धामपुर विकासखंड अल्हैपुर की ग्राम पंचायत मटौरा दुर्गा की ग्राम प्रधान अनुराधा व उनके पति संदेश कुमार के पुत्र अभय प्रताप सिंह की यूपीपीसीएस में तीसरी रैंक आने पर परिवार में खुशी का माहौल है।

उनके चाचा अवधेश प्रताप सिंह ने चिंगारी को बताया कि उनके भतीजे अभय प्रताप सिंह ने हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई रामगोपाल रामचंद्र सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज धामपुर से की थी। कहा कि हाई स्कूल और इंटर की परीक्षा में उन्होंने जिले में विशेष स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद उन्होंने पीसीएस की ऑनलाइन पढ़ाई की थी और दूसरी बार में ही उनका सलेक्शन हो गया है।

रविवार रात लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में उनका सिलेक्शन होने पर परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई । उन्होंने जानकारी दी कि पीसीएस में कल 37 पोस्ट थी जिनमें 18 पोस्ट सामान्य जाति की थी जिसमें अभय प्रताप सिंह को तीसरी रैंक मिली है। अब उनकी उप जिलाधिकारी पद पर नियुक्ति हो जाएगी।

विधायक के गांव से उदित का चयन

क्षेत्रीय विधायक अशोक कुमार राणा के गांव ठाठ जट से उदित कुमार का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। उदित कुमार ने परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल की है। उदित गांव के ही गजेंद्र सिंह के पुत्र हैं।

क्षेत्रीय विधायक ने दी बधाई

यूपीपीसीएस में प्रदेश की मुख्य सूची में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले व पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अभय प्रताप सिंह (एस०डी०एम०) और उदित कुमार को क्षेत्रीय विधायक अशोक राणा के अलावा राणा प्रियंकर सिंह, निदेशक, उ० प्र० कोऑपरेटिव बैंक, लखनऊ एवं क्षमा हेमलता चौहान, ब्लॉक प्रमुख, धामपुर ने बधाई दी।