साइकिल रिपेयरिंग करने वाले के बेटे ने पास की PCS परीक्षा

शेरकोट
साइकिल रिपेयरिंग की दुकान करने वाले नगर के मौहल्ला खुराड़ा निवासी मौ शाकिर के होनहार पुत्र फरजंद अली द्वारा पीसीएस-2024 के घोषित हुए फाइनल रिजल्ट में 109 वीं रेंक प्राप्त कर जनपद सहित शेरकोट नगर का नाम रोशन किया है। फरजंद अली की इस उपलब्धि से परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।


फरजंद अली के चाचा मौ आक़िर ने बताया कि उनके भाई मौ शाकिर काफी समय से मुम्बई में साइकिल रिपेयरिंग की दुकान करते हैं। उनके पत्नी और बच्चे घर पर रहते हैं। चार बच्चों में फरजंद सबसे बड़ा है और तीन बहनों का इकलौता भाई है। उन्होंने बताया कि फरजंद अली की प्राथमिक शिक्षा शेरकोट में हुई है, जबकि हाईस्कूल,इंटरमीडिएट और स्नातक की पढ़ाई उन्होंने धामपुर से की है। मौ आक़िर ने बताया कि शुरू से ही मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने वाले उनके भतीजे फरजंद अली ने उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ( पीसीएस) की परीक्षा पहले प्रयास में पास की है,जिसपर सभी को फक्र है। उन्होंने बताया कि परिवार के सभी पुरुष रोजगार के सिलसिले में बाहर है,घर पर सिर्फ़ महिलाएं हैं।रिजल्ट घोषित होने के बाद से परिजनों में खुशी का माहौल है तथा रिश्तेदार और परिचित परिजनों को बधाई दे रहे हैं। साइकिल रिपेयरिंग का काम करने वाले साधारण व्यक्ति मौ शाकिर के होनहार पुत्र द्वारा हासिल की गई इस बड़ी उपलब्धि की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है और लोग फरजंद अली के घर पहुंचने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
फोटो सहित