बिजनौर में कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर महा-संघ का प्रदर्शन, शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बिजनौर | 24 मार्च 2026
उ0प्र0 राज्य कर्मचारी महासंघ, जिला शाखा बिजनौर के नेतृत्व में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष गंभीर मुद्दे उठाए गए। महासंघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष धीरज सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला विकास अधिकारी बिजनौर पर कर्मचारियों के उत्पीड़न के आरोप लगाए और कई मामलों की जानकारी दी। महासंघ के अनुसार, वरिष्ठ सहायक श्रीमती नीता चौधरी को बिना कारण निलंबित किया गया, जबकि राजीव कुमार त्यागी की वार्षिक वेतन वृद्धि रोक दी गई और उनके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की गई।
इसके अलावा, अनुराग कुमार, जिनका 8 सितंबर 2025 को स्वर्गवास हो गया था, उनके परिवार को अब तक पारिवारिक पेंशन नहीं मिल सकी है, जिससे परिजन आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
महासंघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए पहले भी जिला विकास अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी से संपर्क किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो कर्मचारी आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मामलों की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और दोषी अधिकारियों/कर्मचारियों के विरुद्ध भी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इस प्रतिनिधिमंडल में कुलदीप राजपूत, पंकज चौधरी, क्रांति कुमार शर्मा, अशोक कुमार यादव, जोगेंद्र भारती, जयप्रकाश पाल, वीर सिंह, राजीव कुमार त्यागी एवं श्रीमती नीता चौधरी सहित कई कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।







