बिजनौर: गंगा बैराज से युवती लापता, 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं
बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जाटान की 27 वर्षीय युवती रविवार सुबह अचानक गंगा बैराज के गेट नंबर तीन से लापता हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती को अंतिम बार बैराज के पास देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसने गंगा नदी में छलांग लगा दी होगी।
घटना के बाद से ही पुलिस और गोताखोर टीम लगातार नदी में तलाश कर रही है, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार बैराज क्षेत्र में मौजूद हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित सुराग को तुरंत पकड़ा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैराज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।








