नूरपुर: बिंदल शुगर मिल पर आयकर और ईडी की छापेमारी, कर्मचारियों में हड़कंप

नूरपुर। बुधवार को बिंदल शुगर मिल चांगीपुर में आयकर, प्रवर्तन निदेशालय और वस्तु एवं सेवा कर विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में दर्जनों अधिकारी मिल पहुंचे जिन्हें देख मिल कर्मचारियों में हलचल मच गई। छापेमारी टीम ने मिल में प्रवेश करते ही अधिकारियों आईटी और अकाउंट स्टाफ समेत कर्मचारियों के फोन जब्त कर लिए।

सूचना है कि गाजियाबाद से आई टीम आईटी और अकाउंट से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है। इस दौरान मिल के कई अधिकारी और कर्मचारी नदारद रहे तथा कई अधिकारियों के फोन भी बंद आ रहे हैं। टीम बिंदल ग्रुप की कई मिलों सहित घर और क्वार्टर पर जांच कर रही है।

बिंदल पेपर्स समूह के साथ-साथ चांगीपुर शुगर पेपर्स और डिस्टलरी में भी टैक्स, जीएसटी और इनकम टैक्स से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों की जांच जारी है। जांच टीम में आए अधिकारियों को देखकर स्थानीय लोगों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। आयकर विभाग के छापेमारी टीम की सूचना पर स्थानीय पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर मौजूद है। बिंदल शुगर मिल के अधिकारियों ने अभी तक इस मामलें में कोई टिप्पणी नहीं की और न ही उनके फोन उपलब्ध नहीं हैं।