14 साल नंगे पैर चलने से पैरों की हड्डियां मुड़ीं- समाजसेवी विजय जैन कर रहे नंगे पैर आंदोलन

बिजनौर, चिंगारी

धामपुर के रहने वाले विजय जैन के दोनों पैरों की हड्डियां आंशिक रूप से मुड़ गई हैं। उनके पंजों के आसपास के इलाके में हल्की सूजन भी उभर आई है।इस बात का खुलासा विजय जैन की मेडिकल रिपोर्ट में हुआ है। विजय जैन ने चिंगारी डिजिटल से जानकारी साझा की। बताया कि वह धामपुर में पिछले लगभग 14 साल से आंदोलनरत हैं। गर्मी हो या सर्दी वह चप्पल या जूते कुछ नहीं पहनते हैं। घर हो या बाहर सिर्फ नंगे पैर रहकर समाजसेवा कर रहे हैं। उन्होंने ये भी बताया कि पैरों की हड्डियों में दर्द रहने लगा है, इसके अलावा तलुओं की त्वचा में नीचे पत्थर, कंकर चुभने के चलते कईं समस्याएं पैदा हो रही हैं। कील अथवा कोई नुकीली चीज़ लगने की स्थिति में पैरों में घाव भी हो जाते हैं, कभी-कभी चलना-फिरना भी दुश्वार हो जाता है।

क्यों कर रहे हैं आंदोलन?

विजय जैन ने बताया कि धामपुर में लगभग 65 साल पुरानी पाइप लाइन बिछी हुई हैं। उन्होंने इन पुरानी पाइप लाइन्स को बदलवाने के लिए 28 सितंबर 2014 को ये आंदोलन शुरू किया था। उस समय धामपुर के चेयरमैन महमूद हसन कस्सार हुआ करते थे। ये भी कहा कि जब तक इन पाइपलाइन को बदल नहीं दिया जाता है, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।