नगीना देहात में तैनात दरोगा सुनील कुमार का हार्ट अटैक से निधन, पुलिस विभाग में शोक की लहर
बिजनौर(चिंगारी)। जिले के नगीना देहात थाना क्षेत्र में तैनात दरोगा सुनील कुमार मिठालिया (53 वर्ष) का बीती रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार दरोगा सुनील कुमार मूल रूप से शामली के मोहल्ला दयानंद के निवासी थे। वर्तमान में वे मेरठ के एकता नगर में परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में एक बेटी और दो बेटे हैं। बताया जाता है कि वर्ष 1991 में उन्होंने पीएसी में भर्ती होकर अपनी सेवा शुरू की थी। बाद में वे उत्तर प्रदेश पुलिस में शामिल हो गए थे। लंबे समय से वे विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दे रहे थे। इन दिनों उनकी तैनाती नगीना देहात थाने में थी। बीती रात वे एक होमगार्ड के साथ क्षेत्र में गश्त के लिए गए थे। इसी दौरान रात करीब 9:30 बजे अचानक उन्हें हार्ट अटैक आ गया। आनन-फानन में उन्हें नजीबाबाद स्थित पूजा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।दरोगा सुनील कुमार के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। अधिकारियों व सहकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें एक कर्मठ और ईमानदार पुलिसकर्मी बताया। स्थानीय लोगों ने भी उनकी सादगी और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।







