गुलदार से नहीं आपसे डर लगता है साहब…..
नहटौर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहटौर पर बालिका के परिजनों ने प्रशासनिक अधिकारियों के सामने अपने गुस्से का इजहार किया। ग्रामीणों ने यहां तक कह दिया कि हम भी जंगली जानवर है। हमें गुलदार से नहीं,साहब आपसे डर लगता है। गुलदार हमारी बेटियों को बेटी को खा गया। यदि हम कोई कार्रवाई करते हैं तो आप हमारे हाथों में हथकड़ी लगा देंगे।
रविवार को सीएचसी पर अधिकारियों के सामने ग्रामीणों का गुस्सा साफ दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि हमारी फसल नष्ट हो रही है लेकिन हम पूरी तरह से बेबस है और कुछ नहीं कर पा रहे हैं। जानवर क्या चीज है? हम भी जंगली जानवर हैं। जिसका मरा है उससे पूछो, कानून से डर लग रहा है। वरना हम जंगली जानवर से नहीं डरते हैं। साहब डर आपसे लगता है। आप हमारे हाथों में हथकड़ी लगा देंगे। उन्होंने गुलदार को पकड़ने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है। पुलिस क्षेत्राधिकार अभय कुमार पांडे ने कहा कि पूरा प्रशासन पीड़ित के साथ है गुलदार को वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा।
बालिका को गुलदार ने बनाया निवाला
- ग्राम मुकर्रमपुर में अपने परिजनों के साथ घर वापस लौट रही थी बालिका।
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
- वन विभाग ने दो पिंजरे लगाए, ड्रोन से गुलदार की लोकेशन भी तलाशी।

रविवार को नहटौर में गुलदार के हमले में बालिका की मौत होने के उपरांत विलाप करते हुए परिजन।

रविवार को नहटौर सीएचसी पर गुलदार के हमले में मृत बालिका के परिजनों से जानकारी लेते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे।
नहटौर,
परिजनों के साथ खेतों से घर वापस लौट रही 10 वर्षीय बालिका को गुलदार ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसे तत्काल परिजन और ग्रामीण सीएचसी लेकर पहुँचे। जहां पर चिकित्सकों ने बालिका को मृत घोषित कर दिया मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग द्वारा गांव में गुलदार पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगाए गए साथ ही ड्रोन कैमरे के द्वारा गुलदार की लोकेशन की तलाशी गई।
रविवार को करीब साढ़े दस बजेनहटौर के ग्राम मुकर्ररमपुर निवासी अदिति उर्फ माधो पुत्री अतुल कुमार 10 वर्ष गांव के पूर्व में स्थित खेत में परिजनों के साथ गन्ना बुआई के लिये गयी थी। बताया जाता है कि वापस लौटते समय गन्ने के खेत से निकले अचानक गुलदार ने बालिका पर झटका मार दिया और उसे उठाकर ले गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार बालिका को खेत में ही छोड़कर फरार हो गया। गंभीर अवस्था में बालिका को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया बालिका की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी धामपुर अभय कुमार पांडे, तहसीलदार धनराज सिंह, डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह, ब्लॉक प्रमुख राकेश चौधरी आदि ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर पीड़ित परिजनों से वार्ता की।
शर्मीले को ढूंढता रहा वन विभाग….
- ड्रोन लगाकर गुलदार की लोकेशन ढूंढते रहा वन विभाग।
- ग्रामीणों की मांग पर दो पिंजरे भी लगे।
नहटौर,
ग्राम मुकर्रमपुर में 10 वर्षीय बालिका अदिति की गुलदार के हमले से हुई मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग ने गांव में दो पिंजरे लगाएं। साथ ही ड्रोन कैमरे द्वारा गुलदार की लोकेशन भी तलाशी गई लेकिन गुलदार की लोकेशन नहीं मिल पाई। वन विभाग की टीम ने भी ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस जानवर के स्वभाव को वन विभाग शर्मिला बताता है। वही क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ है 23 जुलाई 2025 को पास के ही गांव मंडोरी निवासी रवि कुमार की 8 वर्ष की पुत्री कनिका को गुलदार मौत के घाट उतार दिया था। इससे भी एक वर्ष पहले मुकेश की 10 वर्ष से पुत्री पर भी गुलदार ने हमला किया था।
गुलदार के दो हमले, एक मौत एक घायल
ग्राम मुकर्ररमपुर के जंगल में गुलदार के द्वारा 1 वर्ष के भीतर बच्चों पर दो हमले किए गए। फरवरी 2025 में गुलदार ने साक्षी पुत्री पुष्पेंद्र 13 वर्ष पर हमला किया था कि जिसमे साक्षी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके अलावा रविवार को गुलदार द्वारा अदिति पर हमला किया गया जिसमें अदिति की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि 2 सप्ताह पूर्व भी गुलदार एक आम के पेड़ पर बैठा हुआ दिखाई दिया था। जिसकी सूचना भी वन विभाग को दी गई थी लेकिन वन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कक्षा 4 की छात्रा थी माधो
गुलदार के हमले में मृतक आदिति उर्फ माधव गांव के ही विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा थी। वह अपने चार भाई बहनों में दूसरे नंबर की थी। वह अपनी माता पिंकी और चाचा मोहन के साथ खेत से वापस लौट रही थी वही उसके पिता अतुल मजदूरी करने के लिए बाहर गए थे।







