खराब मौसम और ठहरने की समस्या से जूझे दरोगा भर्ती परीक्षार्थी
बिजनौर (चिंगारी)। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (दरोगा) भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन खराब मौसम के कारण परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूर-दराज जिलों से परीक्षा देने पहुंचे कई अभ्यर्थियों को शहर में ठहरने की व्यवस्था न मिलने के कारण रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर ही रात गुजारनी पड़ी।
दरअसल, परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बस और ट्रेन के माध्यम से बिजनौर पहुंचे। शहर के होटल और धर्मशालाओं में कमरे पहले से ही भर चुके थे, जबकि जो कुछ कमरे उपलब्ध थे उनके किराये बहुत अधिक बताए गए। ऐसे में कई परीक्षार्थी स्टेशन और बस अड्डों पर ही किताबें लेकर पढ़ाई करते और वहीं आराम करते दिखाई दिए।
अभ्यर्थियों का कहना था कि सरकार की ओर से परिवहन की व्यवस्था तो ठीक रही, लेकिन ठहरने के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई अभ्यर्थी 100 से 150 किलोमीटर दूर से परीक्षा देने आए थे।
सबसे अधिक परेशानी उन छात्राओं को हुई जो परीक्षा देने अपने अभिभावकों के साथ पहुंची थीं। रात में ठहरने की सुरक्षित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें भी स्टेशन और बस अड्डों पर ही समय बिताना पड़ा।
खराब मौसम के बीच परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में भी अभ्यर्थियों को कठिनाई हुई, हालांकि इसके बावजूद बड़ी संख्या में परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे और परीक्षा में शामिल हुए।






