पुराना धामपुर में माहौल पूरी तरह शांत, ज़िन्दगी पटरी पर
चिंगारी, धामपुर (बिजनौर) :- धामपुर के पुराना धामपुर में आरएसएस पदाधिकारी और उनके पड़ोसी के घर पर कथित रूप से हुए हमले और लूट के बाद उत्पन्न हुए तनाव में रविवार को ज़िन्दगीं सामान्य दिखी। हालांकि, शाम के समय आरोपी के घर अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने ध्वस्त किया, उधर, अभियुक्त के उत्पाती बैकग्राउंड को देखते हुए लोगों ने राहत की भी सांस ली।
शनिवार तड़के आरएसएस कार्यवाह विपिन कुमार और उनके पड़ोसी अमित शर्मा के घर पर एक व्यक्ति ने हमला बोल दिया था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि आरोपी शोऐब ने उनके घर के नज़दीक ही रहता है। आरोप लगाया था कि उसने फायरिंग की थी और अमित शर्मा के घर से लाखों रुपयों की नकदी और आभूषण भी लूट लिए थे।
घटना से इलाके में तनाव पसर गया था। हाल ये हुआ कि भाजपा के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल के अलावा क्षेत्रीय विधायक अशोक कुमार राणा, नहटौर विधायक ओम कुमार के अलावा आरएसएस से जुड़े सैकड़ो कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। स्थिति नाजुक देख खुद एसपी बिजनौर अभिषेक झा को धामपुर पहुंचना पड़ा था।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी शोऐब के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। इतना ही नहीं बक़ौल पुलिस शाम के समय अभियुक्त शोऐब ने भागने की कोशिश की जिसके बाद उसका हाफ एनकाउंटर पुलिस ने कर गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को ही राजस्व विभाग की टीम ने शोऐब के घर पहुंच अवैध अतिक्रमण को भी ध्वस्त कर दिया।
क्यों किया अभियुक्त ने हमला?
ये बात सभी आमजन की ज़बान पर रही कि शोऐब ने आरएसएस कार्यवाह विपिन कुमार और जनसेवा केंद्र संचालक अमित शर्मा के घर पर हमला क्यों किया, विपिन कुमार और अमित शर्मा की मानें तो अभियुक्त ने हमले के दौरान धार्मिक नारेबाज़ी की थी, मोहल्ले में दो-चार घर ही हिन्दू परिवारों के हैं, संभवतः कोई ऐसी ही मंशा रही हो। दूसरी ओर इसी मोहल्ले के सुहैल शमशाद ने मीडिया से कहा कि अभियुक्त शोऐब ने तड़के 4 बजे के आसपास उनके घर पर भी हमला किया था। उनके घर के ताले पर काफी प्रहार किए, पर सुहैल की चेतावनी के बाद शोऐब वहां से भाग खड़ा हुआ। ये भी बताया कि इसके बाद शोऐब निकट ही पड़ोसी असलम के घर पर जाकर ये सब करने लगा। ऐसा करने के पीछे अभियुक्त का क्या उद्देश्य रहा, पड़ोसी भी नहीं जान पाए।
उधर, एसपी बिजनौर अभिषेक झा ने भी एक सवाल के जवाब में कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
उत्पाती है शोऐब, राहत की सांस लेने की बात कही
उधर, कुछेक पड़ोसियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अभियुक्त शोऐब काफी उत्पाती प्रवृत्ति का है, वह अक्सर नशे आदि में लोगों के साथ बदसलूकी करता रहता है। उन्होंने शोऐब के जेल जाने पर राहत की सांस ली है। एक महिला ने शोऐब को सनकी बताया।
शहर में सांप्रदायिक बिगाड़ जैसा कुछ नहीं- विवेक

शहर में हिन्दू मुस्लिम भाईचारा बना हुआ है, अकेले शोऐब के अपराध की वजह से शहर में माहौल बिगड़ने जैसी कोई बात नहीं है। कुछ लोगों ने इसे ग़लत तरीके से सांप्रदायिक बनाने की कोशिश की है।
शहर शांत है, अपराधी जेल गया- चेयरमैन

इस घटना को लेकर चेयरमैन धामपुर रवि चौधरी ने कहा कि अभियुक्त शोऐब का ये अपराध निजी था, किसी समुदाय का हमला नहीं था। कहा कि हमला करने वाला यदि मुस्लिम समुदाय से था तो इसका अर्थ ये नहीं बनता कि सभी मुसलमानों की ये धारणा है कि ये हमला किया जाए, हालांकि उन्होंने अभियुक्त के हमले की सख्त निंदा की।
ये एक क्रिमिनल एक्टिविटी है- अनिल के गोयल

प्रांत अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद गौ रक्षा विभाग अनिल के गोयल ने आरएसएस पदाधिकारी विपिन कुमार और जनसेवा केंद्र संचालक अमित शर्मा के घर हुए हमले को क्रिमिनल एक्टिविटी (आपराधिक कृत्य) बताया। जहां तक इस मामले को सांप्रदायिक दृष्टि से देख रहे थे, ये सही नहीं था। शासन की ओर से शांति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ न्याय प्रिय मुख्यमंत्री हैं।






