रेलवे टिकटिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव – RailOne ऐप से होगी बुकिंग

भारतीय रेल ने 1 मार्च 2026 से यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग का तरीका पूरी तरह बदल दिया है। अब तक अनारक्षित (Unreserved), लोकल ट्रेन और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने के लिए इस्तेमाल होने वाला UTS मोबाइल ऐप बंद कर दिया गया है। इसकी जगह नया और आधुनिक RailOne ऐप लॉन्च किया गया है, जिसे रेलवे की आईटी इकाई CRIS (Centre for Railway Information Systems) ने विकसित किया है।

UTS ऐप बंद, RailOne बना नया प्लेटफॉर्म

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि 1 मार्च से UTS ऐप की सभी सेवाएं RailOne पर ट्रांसफर कर दी गई हैं। यानी अब यात्रियों को लोकल ट्रेन टिकट, अनारक्षित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने के लिए RailOne ऐप ही इस्तेमाल करना होगा। यह ऐप 1 जुलाई 2025 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा लॉन्च किया गया था और इसे एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है।

R-Wallet बैलेंस का क्या होगा?

UTS ऐप में मौजूद R-Wallet बैलेंस को लेकर यात्रियों में सबसे ज्यादा सवाल थे। रेलवे ने बताया है कि यह बैलेंस RailOne ऐप में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि आप RailOne में उसी मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें, जिससे आपने UTS ऐप में अकाउंट बनाया था।

  • अगर मोबाइल नंबर बदल दिया गया है, तो पुराना बैलेंस इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
  • ऐसी स्थिति में यात्री या तो टिकट खरीदकर बैलेंस खत्म कर सकते हैं या फिर वॉलेट सरेंडर कर रिफंड ले सकते हैं।

R-Wallet सरेंडर करने की प्रक्रिया

अगर आप R-Wallet बंद करना चाहते हैं, तो RailOne ऐप के ‘Profile’ सेक्शन में जाकर Surrender Wallet विकल्प चुनना होगा। इसके बाद एक कोड आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा। इस कोड और मोबाइल नंबर के साथ किसी भी UTS काउंटर पर जाकर रिफंड लिया जा सकता है। ध्यान रहे, रिफंड लेते समय 30 रुपये क्लर्केज चार्ज काटा जाएगा।

RailOne ऐप की नई सुविधाएं

RailOne सिर्फ टिकटिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह यात्रियों को कई अतिरिक्त सेवाएं भी प्रदान करता है।

  • अनारक्षित टिकट, लोकल टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग
  • लाइव ट्रेन ट्रैकिंग
  • शिकायत दर्ज करने की सुविधा
  • ई-कैटरिंग (ऑनलाइन खाना ऑर्डर करने की सुविधा)
  • कुली बुकिंग
  • लास्ट-माइल टैक्सी सेवा

ध्यान देने योग्य बात यह है कि रिजर्व टिकट पहले की तरह IRCTC प्लेटफॉर्म पर ही उपलब्ध रहेंगे।