सामूहिक विवाह योजना: बिजनौर में 479 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे
बढ़ापुर (बिजनौर)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम बासोंवाला के समीप स्थित बाजवा बैंक्वेट हॉल में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर 479 युवक-युवतियां वैवाहिक बंधन में बंधे।
कार्यक्रम में हिंदू रीति-रिवाज से 384 जोड़ों का विवाह शांतिकुंज की टोली के पंडित जगदीश कुमार ने संपन्न कराया, जबकि 95 मुस्लिम जोड़ों का निकाह हाजी मेराज अहमद ने मुस्लिम परंपरा के अनुसार पढ़ाया। विवाह संपन्न होने के बाद नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से उपहार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा विधायक सुशांत सिंह ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख तृप्ति विकास राजपूत ने की। इस अवसर पर बीडीओ ज्योति चौधरी, ब्लॉक प्रमुख पति विकास राजपूत, एडीओ समाज कल्याण विभाग कामेंद्र कुमार, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय सिंह चौहान, भीम सिंह, डॉ. राजपाल सैनी, नरेंद्र चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना है, ताकि विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को सामाजिक सहयोग और सरकारी सहायता से संपन्न कराया जा सके। इस आयोजन ने न केवल सामाजिक समरसता का संदेश दिया, बल्कि विभिन्न समुदायों के बीच एकता और सद्भाव का भी उदाहरण प्रस्तुत किया।







