मुजफ्फरनगर के गांव भलवा में प्रेमी ने प्रेमिका की धारदार हथियार से हत्या कर , खुद भी गला रेतकर की आत्महत्या, एसएसपी एवं एसपी ग्रामीण द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलन किये

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना जानसठ क्षेत्र के गांव भलवा में कई सालों से चल रहे प्रेम प्रसंग में प्रेमिका की शादी तय होने पर प्रेमी युवक रोहित (31) ने प्रेमिका प्रगति उर्फ डोली (27) के घर में पहुंच कर कमरे की अंदर से कुंडी लगाकर पहले प्रेमिका की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद चाकू से गला रेतकर आत्महत्या कर ली। मृतक प्रेमी और प्रेमिका का आमने सामने ही मकान है। इस घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा व एसपी देहात आदित्य बंसल भी घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे।पुलिस के अनुसार कोतवाली जानसठ क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले गांव भलवा में दलित समाज के परिवार के रहने वाले भूषण और धारासिंह के आमने सामने मकान हैं। भूषण की 27 वर्षीय प्रगति उर्फ डोली पिछले चार साल से पढ़ाई करने के बाद गुडगांव की एक कंपनी में जॉब करती थी। मकान के सामने रहने वाला 31 वर्षीय रोहित पुत्र धारासिंह भी पहले गुड़गांव में ही था लेकिन वर्तमान में वह रोडवेज बस में परिचालक के रूप में कार्यरत था।। पुलिस को दी गई जानकारी में बताया गया कि इसी दौरान इन दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया था। पुलिस के मुताबिक इन दोनों में प्रेम प्रसंग का दोनों परिवारों को मालूम भी था। दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन परिवार वाले सहमत नहीं थे। फिलहाल रोहित खतौली से सहारनपुर रुट पर चलने वाली रोडवेज बस पर परिचालक था। प्रगति की मेरठ के सरधना से शादी तय हो गई थी। 8 फरवरी को ही उसकी बरात आनी थी। परिवार के लोग शादी की तैयारी में लगे थे। शादी को लेकर प्रगति गुड़गांव से चार दिन पूर्व अपने घर पर आ गई थी। प्रेमिका की शादी का पता चलने पर प्रेमी रोहित बृहस्पतिवार की शाम 4.30 बजे प्रगति के घर पर पहुंचा। उसने प्रगति के कमरे में घुसकर चाकू से प्रगति की हत्या कर दी।इसके खुद भी चाकू से गला रेतकर आत्महत्या कर ली।-

– कमरे में खून ही खून दिखाई दिया

मुजफ्फरनगर। जानसठ क्षेत्र के ग्राम भलवा में प्रेमिका की मौत की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा और एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल सीओ जानसठ रूपाली राय और जानसठ पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे में तो मौत होने के कारण खून बह रहा था। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने का काम भी किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस का कहना है कि घटना के समय कमरे के दरवाजे अंदर से बंद थे। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मृतक युवती के परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। हालांकि उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।फिलहाल दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि प्रेमी के परिजनों ने प्रेमिका के परिजनों पर अपने घर में दोनों की ऑनर किलिंग का शुरुआत में आरोप लगाया था लेकिन पुलिस ने पूरे मामले की जांच में फिलहाल इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या ही माना। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।