पटाखा फैक्ट्री में आग लगी, धमाकों से गूंज उठा क्षेत्रघटना के समय फैक्ट्री में 12 मजदूर कर रहे थे काम, कोई हताहत नहीं पटाखों में घर्षण होने से हुआ हादसा
बिजनौर। बख्शीवाला-जोधुवाला मार्ग पर नहर के पास स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार की सुबह करीब 8:30 बजे अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरा मच गई। बारूद व तैयार पटाखों में लगी आग से इतने तेज धमाके हुए जनकी गूंज दूर तक सुनाई दी। धमाकों से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना के समय फैक्ट्री में लगभग 12 मजदूर काम कर रहे थे। बताया जाता है कि मजदूरों ने अभी काम शुरू ही किया था कि अचानक तिल्ली वाले पटाखों में घर्षण होने से आग भडक़ उठी। धमाकों के बीच सभी मजदूर किसी तरह जान बचाने के लिये बाहर निकल भागे। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलते ही सीओ सिटी संग्राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास का क्षेत्र सुरक्षित कराया। फैक्ट्री मालिक बुंदू निवासी मोहल्ला बुखारा बिजनौर ने घटना के समय फैक्ट्री में मौजूद नहीं था। वह अपनी बीमार मां की दवा लेने नजीबाबाद गया हुआ था। बुंदू ने फोन पर बताया कि आग से फैक्ट्री में रखा बारूद और तैयार माल जल गया, जिससे उसे करीब 25 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने पटाखा फैक्ट्रियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। मौके पर पहुंचे फायर स्टेशन के कार्यवाहक प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि आग तिल्ली वाले पटाखों में घर्षण के कारण लगी होगी।







