बिजनौर : मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने चाइनीज मांझे पर कसी नकेल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की सख्त हिदायतों के बाद बिजनौर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जिले में चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। देर शाम एसडीएम सदर रितु रानी और सीओ सिटी संग्राम सिंह के नेतृत्व में टीमों ने विभिन्न बाजारों में छापेमारी की।
अभियान के दौरान दुकानों और ठेलों पर जांच की गई तथा चाइनीज मांझा बेचने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। प्रशासन ने साफ किया कि इस खतरनाक मांझे की बिक्री करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चाइनीज मांझा न केवल पक्षियों और बच्चों के लिए जानलेवा साबित होता है, बल्कि इससे सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और यदि कहीं इसकी बिक्री होती दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि जिले में पूरी तरह से चाइनीज मांझे की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।







