मोबाइल फोन छीनने व बाइक चोरी करने वाले दो युवक मुठभेड़ में गिरफ्तारपुलिस की गोली लगने से एक अभियुक्त हुआ लंगड़ा

बिजनौर (चिंगारी)। राह चलती बालिका से मोबाइल फोन छीनने व सर्वोदय कालोनी से बाइक चोरी करने वाले दो युवकों को पुलिस ने हल्की मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त पैर में गोली लगने से लंगड़ा हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार 30 जनवरी को बिजनौर में चक्कर चौराहा बाईपास रोड पर जयभीम पैट्रोल पम्प के पास बाइक सवार दो युवक एक राह चलती बालिका से उसका मोबाइल फोन छीनकर भाग गये थे। इस संबंध में थाना कोतवाली शहर बिजनौर में मुकदमा दर्ज हुआ था। इससे पहले 23/24 जनवरी की रात को शुगर मिल बिजनौर के पास स्थित सर्वोदय कालोनी से एक व्यक्ति की बाइक चोरी हो गई थी। उसने भी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उक्त दोनों घटनाओं के खुलासे के लिये पुलिस अधिकारियों ने टीमों का गठन किया था। पुलिस के अनुसार बीती रात शहर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह सोलंकी पुलिस टीम के साथ जलालपुर रोड पर संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की चैकिंग कर रहे थे कि एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखायी दिये। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक तेज दौड़ा दी। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवार युवकों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त दाहिने पैर में गोली लगने से लडख़ड़ा कर गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दूसरे अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसे भी घेराबंदी की दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम आकाश पुत्र जगदीश निवासी राघवपुरम चक्कर चौराहा बिजनौर तथा मंथन पुत्र देवानंद निवासी गांधी मार्केट शुगर मिल के सामने बिजनौर बताया। पुलिस ने उनके पास से बिना नम्बर की बाइक, एक मोबाइल फोन व एक तमंचा बरामद किया। घायल आकाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।मोबाइल छीनना व बाइक चोरी करना स्वीकार कियापुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने 30 जनवरी को चक्कर चौराहे से एक बालिका का फोन छीना था तथा 23/24 की रात को उन्होंने ही सर्वोदय कालोनी से बाइक चोरी की थी। उन्होंने बताया कि वे अपने निजी खर्चों के लिये इस तरह के अपराध करते थे।