प्रयागराज में अतीक अहमद के बेटे का दोस्त गिरफ्तार

प्रयागराज पुलिस ने चकिया निवासी जीशान जाकिर को गिरफ्तार कर लिया है, जो माफिया अतीक अहमद के बेटे अली का करीबी दोस्त बताया जाता है। जीशान लंबे समय से इलाके में “नकली दरोगा” के नाम से कुख्यात था। कुछ साल पहले उसने पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को धमकाया था, जिसके बाद वह सुर्खियों में आया था।

झगड़े में तमंचा लहराते पकड़ा गया

करेली थाना क्षेत्र के अकबरपुर में देर रात दो पक्षों में विवाद हुआ। इसी दौरान जीशान मौके पर पहुंचा और तमंचा लहराकर लोगों को डराने लगा। सूचना मिलते ही करेली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए।

बमबाजी और फायरिंग के कई केस दर्ज

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जीशान पर पहले से ही फायरिंग और बमबाजी के कई मामले दर्ज हैं। ACP राजकुमार मीणा ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और सभी पर कार्रवाई होगी।

अतीक के बेटे अली से गहरी दोस्ती

जीशान प्रयागराज के चकिया इलाके का रहने वाला है, जो अतीक अहमद का गढ़ माना जाता है। उसकी अतीक के बेटे अली से गहरी दोस्ती रही है। बताया जाता है कि उसने रंगदारी और दबदबा बनाने के लिए कई बार हमले और बमबाजी की घटनाओं को अंजाम दिया।

प्रॉपर्टी डीलरों का संरक्षण

पुलिस जांच में सामने आया है कि जीशान को अतीक अहमद के कुछ करीबी प्रॉपर्टी डीलरों का संरक्षण प्राप्त था। इनकी मदद से वह जमीन के मामलों में लोगों को डराने-धमकाने का काम करता था। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।