नकली व नशीली दवाओं पर रोक की मांग, जिला केमिस्ट एसोसिएशन ने पीएम को भेजा ज्ञापन

बिजनौर (चिंगारी)। जिला केमिस्ट एवं ड्रग एसोसिएशन ने नकली, नशीली व अधोमानक दवाइयों के निर्माण व अवैध बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया।ज्ञापन में संगठन ने दवा के क्षेत्र में बढ़ते भ्रष्टाचार, नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री तथा नकली व अधोमानक दवाओं के निर्माण पर गहरी चिंता व्यक्त की। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह मामला जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है, जो जीवन और मृत्यु का प्रश्न बन चुका है, इसलिए इसे राष्ट्रीय महत्व का विषय मानते हुए कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।एसोसिएशन ने मांग की कि यदि किसी क्षेत्र में नशीली या अधोमानक दवाइयां पाई जाती हैं तो उसे संबंधित औषधि नियंत्रण एवं प्रशासनिक अधिकारियों की विफलता माना जाए और ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि वर्तमान में दवाओं की सैंपलिंग रिटेलर स्तर पर की जा रही है, जबकि रिटेलर दवा आपूर्ति श्रृंखला की अंतिम एवं सबसे कमजोर कड़ी होता है। संगठन ने केमिस्ट एवं रिटेलरों को अनावश्यक रूप से परेशान न किए जाने की भी मांग की।ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष सुबोध कुमार, के.के. अग्रवाल, सुनील कुमार, नाहर सिंह, डॉ. पुखराज मलिक, रजनीश कुमार, हितेंद्र खरबंदा, देवेश कुमार चौधरी, वीरपाल सिंह, अचल चौहान, कमर अहमद, मोहम्मद शफी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।