हाजी रानी किन्नर ने कहा- किन्नर समाज में धर्म-बिरादरियों की कोई जगह नहीं
बिजनौर। जिले में क्षेत्र व गद्दी के अधिकार को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच चल रहा विवाद गहराता जा रहा है। दोनों गुट एक-दूसरे पर धमकाने का आरोप लगा रहे हैं। झालू में रह रहे किन्नरों ने तो बिजनौर के किन्नरों पर धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास तक का आरोप लगा दिया। दोनों गुटों ने प्रेस कांफ्रेंस कर एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाये हैं। कल गुरुवार को झालू के किन्नर मुस्कान चौधरी व शबनम ने प्रेस कांफ्रेंस कर बिजनौर में रह रहे किन्नरों हाजी रानी उर्फ लियाकत व लता किन्नर उर्फ तहसीन पर गुण्डागर्दी के बल पर क्षेत्र कब्जाने व धर्म परिवर्तन का जोर डालने के गंभीर आरोप लगाये थे। आज शुक्रवार को बिजनौर के किन्नर हाजी रानी व लता उर्फ तहसीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झालू के किन्नरों के सभी आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि मुस्कान चौधरी व उनके साथियों द्वारा उन पर परेशान करने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने और गद्दी छोडऩे की धमकी देने जैसे आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने इसे किन्नर समाज को बदनाम करने और किन्नरों की एकता को तोडऩे की साजिश बताया।
रानी और लता ने सवाल किया कि जब मुस्कान और उनके साथी उनके साथ रहते ही नहीं हैं, तो धर्म परिवर्तन कराने का आरोप कैसे लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्कान चौधरी गुट के सलीम व अब्बास जैसे लोग किन्नर समाज में रंजिश बढ़ा रहे हैं। वे लोगों को उकसाकर किसी बड़ी घटना को अंजाम दिलाने की कोशिश कर रहे हैं।
हाजी रानी किन्नर ने झालू के कुछ किन्नरों पर राम के चौराहे पर दुकान कब्जाने व मोहल्ला जाटान में एक व्यक्ति की पत्नी को जहर देने के मामले में फंसाने के भी आरोप लगाए। रानी ने कहा कि उनका समाज सभी धर्मों और बिरादरियों का सम्मान करता है। यदि कोई हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा उठाकर समाज को बांटने की कोशिश करता है, तो समाज की ओर से उस पर भारी जुर्माना लगाया जाता है।
रानी किन्नर ने कहा कि समाज ने ऐसे लोगों का बहिष्कार कर रखा है। ऐसे लोग किन्नर समाज के किसी भी सम्मेलन या कार्यक्रम में भाग नहीं ले सकते। उन्होंने झालू के कुछ किन्नरों को अपराधी प्रवृत्ति का बताते हुए कहा कि ये लोग डरा-धमका कर ही काम करते हैं।
रानी व लता किन्नर ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि दोनों पक्षों की शिकायतों की गहन और निष्पक्षता से जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जाए। आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुस्कान, तब्बू, सोनम, जोया व सानिया सहित अनेक किन्नर भी मौजूद रहे।








