उत्तर प्रदेश के बहराइच में नाव हादसा: कौड़ियाला नदी में डूबी नाव, 22 लोग लापता
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ जब कौड़ियाला नदी में ग्रामीणों से भरी एक नाव पलट गई। यह घटना कतर्नियाघाट के ट्रांस गेरुआ क्षेत्र में उस समय हुई जब भरथापुर गांव के 26 लोग खैरटिया बाजार से खरीदारी कर लौट रहे थे।
नदी पार स्थित भरथापुर गांव के लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए नाव से खैरटिया आते-जाते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब छह बजे तेज बहाव के कारण नाव असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में चार लोग तैरकर सुरक्षित निकल आए, जबकि 22 लोग अब भी लापता हैं।
बचने वालों में लक्ष्मी नारायण, रानी देवी, ज्योति और हरिमोहन शामिल हैं। नाव चला रहे मिहींलाल समेत कई ग्रामीणों और कुछ मेहमानों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में घाघरा बैराज के गेट खोले जाने से नदी में बहाव काफी तेज हो गया था, जो इस दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। अंधेरा और तेज धार के चलते राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।








