बिजनौर में डासना स्टील फैक्ट्री पर तहसील प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अचल संपत्ति की हुई कुर्की
बिजनौर: विद्युत विभाग के करोड़ों रुपये के बकायेदारों की सूची में शामिल डासना स्टील प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री पर तहसील प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुर्की की कार्यवाही को अंजाम दिया। यह कार्रवाई उप जिलाधिकारी सदर रितु रानी के निर्देश पर तहसीलदार सदर आशीष सक्सेना के नेतृत्व में की गई।
डायरेक्टर शाहनवाज राणा और प्रोपराइटर खालीद चौधरी, दोनों निवासी तरीकमपुर रूपचंद, पर विद्युत विभाग का ₹13,57,594 का बकाया है, जिसके लिए तलबनामा भी जारी किया गया था। बकाया राशि की वसूली न होने पर प्रशासन ने अचल संपत्ति को कुर्क करने का निर्णय लिया।
इस कार्रवाई में तहसील की राजस्व टीम के सदस्य सूरजमल (संग्रह अमीन), कपिल चौधरी, परमानंद मंडल, भगवत सिंह और मनोज कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। फैक्ट्री को टॉप 10 बकायेदारों में शामिल किया गया था, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया।
यह कार्रवाई प्रशासन की बकायेदारों के खिलाफ सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






