मुरादाबाद में कपड़ा गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बिलारी शाहबाद रोड पर स्थित एक कपड़ा गोदाम में रविवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

गोदाम नगलिया जट निवासी अफजाल मलिक का है, जहाँ रुई से तकिए और गद्दे तैयार किए जाते थे। आग इतनी तेजी से फैली कि सिलाई मशीनें, कपड़े के रोल, फोम और अन्य कच्चा माल कुछ ही मिनटों में जलकर राख हो गया। अनुमान है कि करीब 15 लाख रुपये से अधिक का सामान नष्ट हो गया।

धुआं उठता देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियाँ घटनास्थल पर पहुँचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सौभाग्यवश, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश ने बताया कि घटना में केवल आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके का निरीक्षण कर आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल समय पर नहीं पहुँचती, तो आग आसपास की इमारतों तक फैल सकती थी।